एनएसयूआई के नगर अध्यक्ष व भाई के साथ मारपीट कर भिजवाया जेल
बलरामपुर-रामानुजगंज
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एनएसयूआई के नगर अध्यक्ष निशांत दंत चौबे और उसके भाई नितांत चौबे के साथ आयुष लुनिया द्वारा मारपीट कर उल्टे पुलिस पर दबाव बनवाकर आर्म्स एक्ट का फर्जी केस दर्ज कराकर दोनों को जेल भिजवाने का मामला सामने आया है। फिलहाल दोनों भाई अभी भी जेल में बंद है। जानकारी के मुताबिक निशांत और नितांत चौबे के दादा मुरली श्याम राही ने रायपुर आकर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा से मिलकर इसकी शिकायत की है। उन्होंने आकाश शर्मा से इस मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कारवाई को गलत बताते हुए हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ओकाश शर्मा को सौंपे लिखित शिकायत पत्र में 80 वर्षीय मुरली श्याम राही का आरोप है कि घटना 15 दिसंबर 2020 को रामानुजगंज में आयुष लुनिया ने आपसी विवाद में मारपीट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना की शिकायत एसपी को तत्काल फोन कर दी गई और लिखित भी की गई थी। मगर, उल्टे उनके दोनों पोतो निशांत दंत चौबे और उसके भाई नितांत चौबे के खिलाफ आर्म्स एक्ट का फर्जी केस रामानुजगंज पुलिस थाना में पदस्थ एसआई मनोज सिंह ने दबाव में आकर न केवल दर्ज किया, बल्कि मनमाने तरीके से निशांत व नितांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों की अब तक कोर्ट से जमानत नहीं हुई है। राही ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को भी इसकी लिखित शिकायत दी है।
राही का आरोप है कि स्थानीय पुलिस दबाव में आकर फर्जी केस कायम कर रही है। एनएसयूआई के छात्र नेताओं पर इस तरह से कारवाई करने से पुलिस पर से लोगों का विश्वास उठने लगा है। इससे युवाओं में भारी आक्रोश है।

पाठको की राय